लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर/हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रमोद खारी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या पद की इच्छा से प्रेरित नहीं, बल्कि उत्तराखंड और लक्सर की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी तथा अंतरात्मा की आवाज़ पर लिया गया है।
प्रमोद खारी ने अपने बयान में कहा कि उत्तराखंड आज बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और अफसरशाही जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उनका आरोप है कि आम जनता की आवाज़ सुनने वाला कोई नहीं है और युवाओं की उम्मीदें लगातार टूट रही हैं। साथ ही जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में मौन रहना उनके सिद्धांतों के विरुद्ध है, इसलिए उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का कठिन निर्णय लिया है।
प्रमोद खारी ने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं, मित्रों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें हर कदम पर सहयोग, स्नेह और विश्वास मिला, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष पहले भी जनता के अधिकारों के लिए था, आज भी है और आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उत्तराखंड तथा लक्सर क्षेत्र की जनता के हितों के लिए निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि “जनसेवा ही मेरा संकल्प है।


