गद्दे, कुर्सियां और टेंट का सामान आग की चपेट में आया, कई फायर यूनिटों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।
फुरकान अंसारी।
रुड़की। सैनी पुरम कॉलोनी, शेरपुर गांव स्थित राज टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में रखे गद्दे, कुर्सियां, टेंट और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग की सतर्कता और साहसिक प्रयासों से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे MDT के माध्यम से फायर स्टेशन रुड़की को राज टेंट हाउस के गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की से हाई प्रेशर वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि गोदाम में आग तेजी से फैल रही थी और घना धुआं निकल रहा था। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर की मांग की गई।
सोनाली पुल पर हाईट बैरियर होने के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर को नगला इमरती के करीब 22 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग से घटनास्थल तक पहुंचाया गया। आग की विकरालता को देखते हुए नेहरू स्टेडियम में ड्यूटी पर तैनात अग्निशमन यूनिट और मंगलौर फायर यूनिट से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
अग्निशमन कर्मियों ने दो होज लाइनों के माध्यम से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। गोदाम में भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी, साहस और आपसी समन्वय के साथ विभिन्न दिशाओं से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।
दोबारा आग लगने की आशंका भी की गई समाप्त
आग बुझाने के बाद अग्निशमन टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जले हुए सामान के बीच मौजूद संभावित चिंगारियों और गर्म स्थानों को पूरी तरह समाप्त किया गया, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका न रहे। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
अग्निशमन विभाग की टीम
फायर स्टेशन रुड़की:
– FSO वंश नारायण यादव
– FSSO विकास चंद्रवाल
– LFM राजेश कुमार
– LFM पुष्पेंद्र राणा
– LFM विपिन सैनी
– चालक उदयवीर सिंह यादव
– चालक विपिन सिंह
– चालक नरेंद्र सिंह
– चालक मोहन सिंह
– FM राजेंद्र सिंह
– FM दिनेश चौहान
– FM हरीश चंद्र
– FM देवेंद्र भंडारी
– FM कपिल सिंह
– FM राजेंद्र सिंह गुरुंग
मंगलौर फायर यूनिट:
– LFM गयूर अली
– चालक सुनील खन्ना।
अग्निशमन विभाग की तत्परता, साहस और बेहतर समन्वय के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


