लोकेश कुमार पत्रकार
रुड़की। हाल ही में गठित जन निर्माण पार्टी (जेएनपी) ने अपनी औपचारिक घोषणा के बाद पहला सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार, पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े नेताओं तथा बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान करीब 500 लोगों ने जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उमेश कुमार ने कहा कि जन निर्माण पार्टी में शामिल होने वालों में विभिन्न राष्ट्रीय दलों से जुड़े लोग भी शामिल हैं, जिससे पार्टी को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले जिलों में हैं, लेकिन राजनीतिक रूप से इनकी लगातार उपेक्षा की गई है। उन्होंने दावा किया कि जन निर्माण पार्टी इन दोनों जिलों के अधिकारों और विकास के लिए मजबूती से आवाज उठाएगी।
उमेश कुमार ने कहा कि राज्य गठन के बाद भी प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मूल निवास और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दे उठाते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और शोषित वर्ग के अधिकार जैसे मुद्दों को लेकर जन निर्माण पार्टी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी और आगामी चुनावों में जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
कार्यक्रम के दौरान शिवसेना उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रजापति, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव लोकेश कुमार सैनी, महानगर अध्यक्ष कपिल त्यागी, भाकियू (चढ़ूनी) के राहुल कुमार शर्मा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश, वरिष्ठ बसपा नेता धनराज तथा रविंद्र कुमार के नेतृत्व में धनगर समाज के सैकड़ों लोगों ने भी जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा ने सभी नए सदस्यों का पटका पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी और हजारों समर्थक मौजूद रहे। समारोह के दौरान पार्टी नेतृत्व ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।


