लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने अपने कैंप कार्यालय पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों की बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करते हुए लोगों से अपने मतदान अधिकार के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मोहम्मद शहजाद ने आरोप लगाया कि एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कर अपने मतदान अधिकार की रक्षा करें।
विधायक ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्यों को लेकर पूर्व में कई दावे किए गए थे, लेकिन जनता वास्तविकता से परिचित है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं का समाधान करना है।
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि आज भी समाज के वंचित और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि मिशन 2027 के तहत बहुजन समाज पार्टी हरिद्वार जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे तथा आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।


