फुरकान अंसारी।
रुड़की। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से नगर में न्याय यात्रा निकाली गई। यात्रा में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने शिरकत की और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
सिविल लाइन स्थित नगर निगम के समीप न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है।
महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं और अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
न्याय यात्रा नगर निगम परिसर स्थित संत रविदास की प्रतिमा से शुरू होकर सिविल लाइन बाजार होते हुए रुड़की टॉकीज चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंची। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर वैभव सैनी ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, पूर्व गृह राज्य मंत्री राम सिंह सैनी, पूर्व मेयर गौरव गोयल एवं यशपाल राणा, सचिन गुप्ता, प्रभारी राव शेर मोहम्मद, विकास त्यागी, मुल्कीराज सैनी, डॉ. सुरेंद्र प्रजापति, मेला राम, उदय जैन, डॉ. हरविंदर सिंह, मदनपाल भड़ाना, मनोज सैनी, ईश्वर लाल शास्त्री, सुभाष सैनी, सचिन चौधरी, प्रणय प्रताप सिंह, रामकिशन धीमान, कलीम खान, जसवीर सिंह, मुस्तकीम अहमद, मुनफैत अली, वीना आनंद, यास्मीन खान, पार्षद फजलुर रहमान, मोहित त्यागी, उम्मीद गाजी, रिजवान अहमद, नीरज सैनी, गुड्डू चौधरी, ताहिर चौधरी, सालिम गौड़, सीमा सैयद और पूनम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


