सक्षम की बैठक में कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 3 नवंबर। दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्यरत राष्ट्रव्यापी संस्था समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) हरिद्वार की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सक्षम के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने की। बैठक में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ के दौरान प्रस्तावित 45 दिवसीय नेत्रकुंभ महायज्ञ की तैयारियों और सेवा कार्यों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के मुख्य वक्ता सक्षम के उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री देवेंद्र ने कहा कि वर्ष 2027 के अर्धकुंभ के अवसर पर 45 दिनों तक नेत्रकुंभ महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत लाखों लोगों की निशुल्क नेत्र जांच करने के साथ ही जरूरतमंदों को चश्मे और दवाइयां उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस महायज्ञ में देशभर से सक्षम के कार्यकर्ता स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। हरिद्वार के कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सक्षम का ध्येय सेवा, समर्पण और सामर्थ्य है। नेत्रकुंभ में सेवा देना हम सभी का दायित्व है। यह केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि लोगों को अंधत्व से बचाने और उनके जीवन में नई रोशनी लाने का महायज्ञ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

सक्षम के प्रांत अध्यक्ष एवं नेत्रकुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत ने कहा कि दिव्य नेत्रकुंभ के अंतर्गत दो लाख लोगों की नेत्र जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस विशाल सेवा कार्य को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी। बैठक के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही नेत्रकुंभ में अपनी सेवाएं देने की घोषणा की।

बैठक में प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान, प्रांत सह प्रचार प्रमुख संजय वर्मा, जिला सह सचिव आरती मेहता, मानसी मिश्रा, शशि लता, विमलेश गौड़, योगेश चौधरी, गौरव काकरान, सुदीप बनर्जी, सतीश कुमार, अनिता वर्मा, अमित कुमार गुप्ता, डॉ. प्रदीप चौधरी, एसएस राणा, डॉ. हरेंद्र मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply