लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के बीच अब सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) ने भी हरिद्वार जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर अपनी चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया है। लक्सर में आयोजित पार्टी की बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के लोगों ने भाग लिया। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और मिशन-2027 की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप ने कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उनके अनुसार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उन्हें राजनीतिक भागीदारी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज सहित सभी वर्गों को संगठित करने के लिए प्रदेशभर में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और वर्ष 2027 के चुनाव में सामाजिक न्याय पार्टी जनता के सामने एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में बड़ी संख्या में कश्यप समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोग मौजूद रहे। उत्तराखंड में मिशन-2027 को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। ऐसे में सामाजिक न्याय पार्टी की यह घोषणा हरिद्वार जिले की चुनावी राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकती है।

Share.
Leave A Reply