लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच लक्सर की राजनीति में सैनी समाज ने अपनी राजनीतिक दावेदारी मजबूत करते हुए बड़ा संदेश दिया है। लक्सर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी का ऐलान किया और स्पष्ट कहा कि इस बार लक्सर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सैनी समाज अपना दावा पेश करेगा।

 

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. विजय सैनी ने कहा कि सैनी समाज वर्षों से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। अब समय आ गया है कि समाज को उसकी जनसंख्या, योगदान और संगठनात्मक शक्ति के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने कहा कि लक्सर विधानसभा सीट पर सैनी समाज मजबूत स्थिति में है और भाजपा नेतृत्व से समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की अपेक्षा की जाएगी।

 

उन्होंने दावा किया कि लक्सर, खानपुर और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में सैनी समाज की अच्छी-खासी संख्या है और इन क्षेत्रों के चुनावी परिणामों में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उनके अनुसार समाज के सहयोग के बिना किसी भी राजनीतिक दल के लिए जीत का रास्ता आसान नहीं होगा।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिल भारतीय सैनी महासभा के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने कहा कि सैनी समाज लगातार सामाजिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत हो रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर समाज की ओर से लक्सर में महाराजा भागीरथ की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की गई। उन्होंने बताया कि यह प्रतिमा पूरे सैनी समाज के सहयोग से स्थापित की जाएगी, जो समाज की संस्कृति, इतिहास और गौरव का प्रतीक होगी।

 

प्रेस वार्ता के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर समाज शीघ्र ही व्यापक स्तर पर बैठकें और जनसंपर्क अभियान भी चलाएगा, ताकि समाज की राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत किया जा सके।

 

 

Share.
Leave A Reply