लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक साथ पार्टी की सदस्यता छोड़ने की घोषणा कर दी। सदस्यता छोड़ने वाले लोगों ने दावा किया कि वे प्रमोद खारी के समर्थक हैं और भविष्य में भी उनके साथ ही रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रमोद खारी उनके नेता हैं और वे जिस भी राजनीतिक दल में जाएंगे, सभी समर्थक उसी दल की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने भाजपा छोड़ने के प्रमोद खारी के निर्णय का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि उनका यह फैसला अपने नेता के प्रति विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
गौरतलब है कि प्रमोद खारी पूर्व में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब भाजपा से अलग होने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, उनके किसी अन्य दल में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इस घटनाक्रम को लक्सर विधानसभा की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ही क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के भाजपा छोड़ने की घोषणा को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कुछ महिलाओं और पुरुषों ने अलग दावा करते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम की वास्तविक जानकारी नहीं थी। उनका कहना था कि उन्हें निजी कार्य का हवाला देकर कार्यक्रम में बुलाया गया था। इस दावे के बाद कार्यक्रम को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
कार्यक्रम में हरजीत सिंह, नितिन सैनी, नूरजहां खातून, हनीफ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सैकड़ो समर्थक मौजूद रहे।


