लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर/पथरी। पथरी क्षेत्र में नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि शनिवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो पार्टी प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के साथ पथरी थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेगी।

लक्सर विधानसभा प्रभारी इकराम हसन ने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर है और पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को जल्द न्याय दिलाना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। पुलिस निष्पक्ष जांच करते हुए सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ ऐसी कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे, जिससे समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

जिला अध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि आजाद समाज पार्टी शुरू से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। यदि शनिवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो पार्टी के प्रदेश व जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी पथरी थाने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और कानून के दायरे में रहकर किया जाएगा तथा इसका उद्देश्य पीड़िता को न्याय दिलाना है।

विधानसभा अध्यक्ष काका सैदपुर ने लक्सर विधानसभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि आवश्यकता पड़ने पर अधिक से अधिक संख्या में पथरी थाने पहुंचकर आंदोलन में भाग लें। उन्होंने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें कठोर सजा दिलाने तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता में उपस्थित अन्य नेताओं ने भी मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दोषियों को शीघ्र एवं कड़ी सजा मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष मनीष कुमार, विधानसभा अध्यक्ष काका सैदपुर, विधानसभा प्रभारी इकराम हसन, घुंघरू पहलवान, नाथीराम, अमजद अली, जसविंदर सिंह, रियासत अली, जाबिर अली सहित आजाद समाज पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply