फुरकान अंसारी
भगवानपुर। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गौकशी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब 455 किलोग्राम गोमांस, गोवंशीय अवशेष, गौकशी के उपकरण, तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में कोतवाली भगवानपुर पुलिस एवं उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने 13 जुलाई 2026 को मिली सूचना पर सिकरोड़ा गांव के पास बड़े खाले के पार खेड़ी शिकोहपुर मार्ग स्थित जंगल में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने पीछा कर आरोप निवासी ग्राम सिकोड़ भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने लगभग 455 किलोग्राम गोमांस, दो गोवंशीय खाल, दो कटे हुए गोवंशीय सिर, आठ खुर, कुल्हाड़ियां, धारदार छुरियां, लोहे का सुवा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की टोकरी, तीन मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद गोमांस को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।
पुलिस ने आरोपी एवं उसके फरार साथियों के विरुद्ध उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


