कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस और ANTF हरिद्वार की संयुक्त टीम मायापुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सिद्ध आश्रम गली के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के हाथ में पकड़ी पन्नी से नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले BUPRENORPHINE INJECTION IP के 18 इंजेक्शन बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी की पहचान निशांत गिरी पुत्र शत्रुघन गिरी, निवासी गुसाईं गली, भीमगोड़ा, कोतवाली नगर, हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में की है।

आरोपी के विरुद्ध कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 626/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में शामिल रहे

– उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल
– कांस्टेबल आनंद तोमर
– हेड कांस्टेबल रियाज अली, ANTF हरिद्वार
– कांस्टेबल त्रिभुवन यादव, ANTF हरिद्वार

कोतवाली नगर पुलिस और ANTF की इस संयुक्त कार्रवाई को जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply