शारीरिक शोषण से परेशान होकर बहन के घर चली गई थी किशोरी, पुलिस ने हिमाचल से सकुशल किया बरामद।
फुरकान अंसारी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने सौतेले पिता के कथित शारीरिक शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर अपनी बड़ी बहन के पास हिमाचल प्रदेश चली गई थी। किशोरी की गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्तूबर 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 735/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
बहन के घर से सकुशल बरामद हुई किशोरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश में उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया शारीरिक शोषण का मामला
पुलिस द्वारा किशोरी से गहन पूछताछ किए जाने पर उसने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। किशोरी के अनुसार, इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था। कथित शारीरिक शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए अपनी बड़ी बहन के घर चली गई थी।
किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को 4 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। दर्ज मुकदमे में धारा 65(2) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1), 5(m), 5(n) और 6 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी निवासी जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सीतापुर।
पुलिस टीम
– उप निरीक्षक सोनल रावत
– अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा
– महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर


