फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 09 जुलाई 2026 । कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार और उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान अपनी टीम के साथ दुधियाबंद तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। उसे उपचार के लिए सिविल मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी 28 जून को एक अज्ञात महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में वांछित थे। इस संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी हर की पैड़ी क्षेत्र से महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की ओर ले गए। वहां विवाद होने पर दोनों ने कथित रूप से महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल अपने साथ ले गए, जबकि सिम कार्ड नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, अवैध हथियार रखने तथा पुलिस पर फायरिंग सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply