(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार में गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान दो युवक तेज बहाव में फंस गए, जिन्हें मौके पर तैनात एसडीआरएफ एवं आपदा राहत दल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पहली घटना में आज दिनांक 24 मई 2026 को एक युवक गंगा में स्नान करते समय तेज लहरों की चपेट में आ गया और हाथी पुल के नीचे लगी जंजीरों में फंस गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। युवक की पहचान शत्रुघ्न पुत्र श्री संतोष कुमार निवासी देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई।
वहीं दूसरी घटना में आज दोपहर करीब 2:30 बजे अमित पुत्र श्री श्यामबाबू, उम्र 26 वर्ष, निवासी छपरोला बादलपुर जिला गौतम बुद्धनगर, विष्णु घाट पर गंगा को तैरकर पार करने का प्रयास कर रहा था। बीच धारा में थक जाने पर उसने पुल की लोहे की चेन पकड़ ली और मदद के लिए आवाज लगाने लगा। मौके पर तैनात आपदा राहत ई- दल 40वीं वाहिनी हरिद्वार के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
दोनों युवकों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जवानों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


