पूर्व विधायक की पुत्री की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज, सहारनपुर से हिरासत में ली गई आरोपी महिला।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर एक महिला के खिलाफ कथित रूप से अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणी करने, व्हाट्सएप कॉल के जरिए पांच करोड़ रुपये की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर नामजद आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उसके घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की रात रानीपुर कोतवाली में टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित गोविंदनगर निवासी एक महिला ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी महिला ने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने तथा पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सहारनपुर से हिरासत में ली गई आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित आरोपी के घर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न थानों के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आईटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप, महिला कांस्टेबल मोनिका और महिला कांस्टेबल मीनाक्षी शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply