विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपराधियों पर शिकंजा, जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली सिडकुल पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पंकज बवाडी उर्फ पंकज कुमार को चार माह के लिए जिला बदर कराया है। पुलिस ने आरोपी को निर्धारित अवधि के दौरान हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली सिडकुल पुलिस ने पंकज बवाडी उर्फ पंकज कुमार के खिलाफ गुंडा अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित की थी।

मामले का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व), हरिद्वार द्वारा आरोपी को चार माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया। आदेश प्राप्त होने के बाद पुलिस ने संबंधित कार्रवाई करते हुए आरोपी को निर्धारित अवधि तक जनपद से बाहर रहने के निर्देश दिए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला बदर की अवधि के दौरान आरोपी को हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करना होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

1. अजय शाह, थानाध्यक्ष, कोतवाली सिडकुल
2. प्रवीण बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक
3. कांस्टेबल हरिराज

Share.
Leave A Reply