ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस की कार्रवाई, जमानत पर छूटने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र की रविदास बस्ती में कथित तौर पर अवैध वसूली करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या के तीन मामलों सहित कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को देवनन्द मंडल और आनंद कुमार निवासी रविदास बस्ती ने कोतवाली कनखल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। इसके अलावा, शराब पीने के लिए लोगों से अवैध रूप से पैसे मांगने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
छोटे दुकानदारों और वाहन चालकों से वसूली के आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर धमकाने के आरोप हैं। इसके अलावा, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों, फड़-ठेली संचालकों तथा स्टैंड से जुड़े लोगों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगने की शिकायतें भी सामने आई हैं। छोटे दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप भी आरोपी पर लगते रहे हैं।
पहले भी शांतिभंग में की गई थी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 14 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। पुलिस का कहना है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी दोबारा कथित आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा संख्या 412/26 और 413/26 दर्ज किए गए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
हत्या समेत 22 मुकदमों में नामजद
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध हत्या के तीन, गैंगस्टर एक्ट का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़खानी के दो, एनडीपीएस एक्ट का एक, अवैध शस्त्र के चार, गुंडा एक्ट के दो, शराब तस्करी के दो, लड़ाई-झगड़े एवं आगजनी के दो तथा धारा 110 जी के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम की कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान और कांस्टेबल जितेंद्र राणा शामिल रहे।


