रुड़की। भाजपा जिला रुड़की द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने प्रदेश में चल रही विकासपरक योजनाओं, उपलब्धियों और शासन की प्राथमिकताओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
गैरोला ने बताया कि उत्तराखंड में इस समय लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं, जिनमें सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पर्यटन, ऊर्जा तथा शहरी सुविधाओं का आधुनिकीकरण प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएँ राज्य को समग्र और संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊँचाइयों को छू रहा है। प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर ऐतिहासिक पहल की। यह कदम सामाजिक न्याय, समानता और पारदर्शिता की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।

राज्य मंत्री ने बताया कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कड़ाई से कार्य कर रही है। सभी विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि नकल माफिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और युवाओं का विश्वास बढ़ा है। राज्य में बढ़ रही पूंजी निवेश परियोजनाएँ आर्थिक विकास को गति दे रही हैं और नए रोजगार के अवसर तेजी से उत्पन्न हो रहे हैं।
गैरोला ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ प्रदेश को प्रत्येक स्तर पर मिल रहा है और विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा, डॉ. सौरभ गुप्ता, संजीव तोमर, भीम सिंह, प्रवेश प्रिया, जिलामंत्री सतीश सैनी, प्रतिभा चौहान, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, बृज मोहन सैनी, गौरव कौशिक, सतीश कौशिक और कविश मित्तल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


