फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/कलियर। उर्स-2026 को सकुशल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पिरान कलियर क्षेत्र का विस्तृत यातायात एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं और जायरीनों की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में यातायात प्रबंधन के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए 13 प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
विभिन्न दिशाओं से आने वाले जायरीनों के वाहनों के लिए इमाम साहब पार्किंग, पीरगैब साहब के नीचे, साबरी नर्सिंग पार्किंग, रहमतपुर रोड स्थित कॉर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास, दोनों नहरों के बीच धनौरी साइड, हज हाउस के सामने, नूरबीबी पार्किंग, बेड़पुर गांव/बेड़पुर चौक, चार मिनार होटल के नीचे इमली रोड, पीएनबी के पास, चिराग अली शाह पक्की पार्किंग, होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड तथा एनआईसी कॉलेज ग्राउंड/सिंचाई विभाग की खाली भूमि पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
23 अगस्त से लागू होगा डायवर्जन प्लान
23 अगस्त 2026 से रुड़की नहर पटरी से कलियर की ओर आने वाले ऐसे चार पहिया एवं दो पहिया वाहन, जिन्हें हरिद्वार जाना है, उन्हें नगर पालिका पुल एवं सोनाली पार्क के उत्तरी किनारे से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुरानी नहर पटरी से रुड़की की ओर से आने वाले हरिद्वार जाने वाले वाहनों को मेहवड़ पुल से मेहवड़ कलां यूटर्न कर कांवड़ पटरी होते हुए सोलानी पुल की ओर से हाईवे पर भेजा जाएगा।
भगवानपुर-इमलीखेड़ा की ओर से आने वाले हरिद्वार जाने वाले चार पहिया वाहनों को धनौरी होते हुए बहादराबाद की ओर भेजा जाएगा। वहीं हरिद्वार से आने वाले भगवानपुर-सहारनपुर जाने वाले वाहनों को धनौरी तिरछा पुल से डायवर्ट कर धनौरी-इमलीखेड़ा मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
हरिद्वार से नहर पटरी आने वाले रुड़की जाने वाले वाहनों को बहादराबाद से डायवर्ट कर हाईवे के रास्ते रुड़की की ओर भेजा जाएगा। रुड़की एवं नगला इमरती बाईपास की ओर से आने वाले हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कॉर इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहे से हरिद्वार हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
जायरीनों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग
कॉर इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से कलियर आने वाले जायरीनों के छोटे-बड़े वाहनों को रहमतपुर रोड के पास बनाई गई अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। धनौरी कांवड़ नहर पटरी की ओर से आने वाले वाहनों को इमाम साहब के नीचे अजमेरी गेट पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
धनौरी रोड एवं पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को धनौरी इंटर कॉलेज ग्राउंड तथा आसपास के निर्धारित खाली प्लॉटिंग क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा। वहीं धनौरी पुरानी नहर पटरी एवं बावन दर्रा मध्य पटरी से आने वाले वाहनों के लिए नूरबीबी दोपहिया एवं चारपहिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
बेड़पुर की ओर से आने वाले वाहनों को विधायक पेट्रोल पंप से पहले स्थित खाली मैदान में, जबकि इमलीखेड़ा-मेहवड़ रोड से आने वाले वाहनों को चार मिनार होटल के नीचे इमली रोड स्थित पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
पुरानी नहर पटरी से रुड़की की ओर से आने वाले जायरीनों के वाहनों के लिए हज हाउस के सामने पक्की पार्किंग एवं पीएनबी के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। रिक्शा एवं तांगा को साबरी नर्सिंग तांगा स्टैंड में पार्क कराया जाएगा।
कांवड़ नहर पटरी से आने वाले विक्रम, टेंपो एवं मैटाडोर वाहनों को मेहवड़ पुल-बाजूहेड़ी चौराहे से दोनों नहरों के मध्य पटरी की ओर डायवर्ट कर पीर गैब साहब दरगाह के नीचे बनाई गई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। छोटे-बड़े जायरीनों के वाहनों के लिए होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
स्थानीय एवं अन्य दोपहिया वाहनों के लिए कलियर चौक से सदन चौक के बीच दोपहिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
पार्किंग फुल होने पर वैकल्पिक व्यवस्था
किसी पार्किंग स्थल की क्षमता पूरी होने पर वाहनों को मेहवड़ पुल के निकट खाली मैदान तथा धनौरी लॉ कॉलेज मैदान में वैकल्पिक रूप से पार्क कराया जाएगा।
23 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का कलियर मेला क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने जायरीनों एवं श्रद्धालुओं से यातायात प्लान का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।
Add A Comment


