फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई के तहत कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, लगातार दबिश के चलते आरोपी ने कोतवाली कनखल पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को नाबालिग की मां ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग से दोस्ती कर उसे विश्वास में लिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म कर फोटो एवं वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
पुलिस के मुताबिक, डर के कारण नाबालिग ने आरोपी को करीब एक लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार और रुपयों की मांग करता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल कोतवाली में मुकदमा संख्या 311/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली और हरिद्वार समेत कई संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबिश से घिरता देख आरोपी अंततः कोतवाली कनखल पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल, महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत शामिल रहे।


