फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन ने अग्र समाज को संगठित करने और संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में हरिद्वार के चार प्रमुख समाजसेवियों को उत्तराखंड प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार मित्तल की ओर से 20 सितंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्रों के माध्यम से विनोद कुमार अग्रवाल, मीनू बंसल, उपासना अग्रवाल और विजय कुमार बंसल को प्रदेश संगठन में दायित्व प्रदान किए गए हैं।

जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, समाजहित में सक्रियता, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए विनोद कुमार अग्रवाल को अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन उत्तराखंड प्रदेश का कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं मीनू बंसल को प्रदेश उपाध्यक्ष, उपासना अग्रवाल को प्रदेश महामंत्री तथा विजय कुमार बंसल को प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सम्मेलन की ओर से बताया गया कि संगठन का उद्देश्य विश्वभर के अग्र बंधुओं को एक मंच पर लाकर समाज को संगठित करना और सामाजिक गतिविधियों को गति देना है। संगठन अपनी प्रदेश, जिला एवं शाखा इकाइयों के साथ महिला शक्ति, युवा शक्ति और विभिन्न समितियों के माध्यम से अग्र समाज के हित में कार्य कर रहा है।

नियुक्ति पत्र में राष्ट्रीय चेयरमैन स्वच्छ भारत अभियान डॉ. सरिता अग्रवाल और उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला अग्रवाल की प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों की सामाजिक सक्रियता, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार मित्तल ने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान देंगे। साथ ही संगठन के संविधान एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इसकी गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने अग्र समाज की एकजुटता, सामाजिक सेवा, महिला एवं युवा शक्ति को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।

हरिद्वार के चारों समाजसेवियों को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर अग्रवाल समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि नए दायित्वों के माध्यम से उत्तराखंड में अग्रवाल समाज की सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

Share.
Leave A Reply