फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरविंद कुमार ने सराय-इक्कड़ कूड़ा निस्तारण केंद्र हटाने की मांग को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद एवं नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण केंद्र के कारण आसपास के ग्रामीणों को दुर्गंध, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए कूड़ा केंद्र को जल्द हटाने की मांग की।

इस दौरान समाजसेवी धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि सराय-इक्कड़ क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण केंद्र को लेकर ग्रामीण लंबे समय से अपनी समस्याएं उठा रहे हैं। कूड़े के ढेर और उससे फैलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और ग्रामीणों की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

धर्मेंद्र चौहान ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मामले का स्थायी समाधान निकालने, कूड़ा निस्तारण केंद्र को आबादी से दूर स्थानांतरित करने तथा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर ग्रामीणों की आवाज को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

Share.
Leave A Reply