फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। राष्ट्रीय सावक मंच के कार्यकर्ताओं ने मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरी को ज्ञापन सौंपकर तीर्थनगरी में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अर्धकुंभ मेले से संबंधित विकास एवं निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जनता के धन के सदुपयोग की मांग की।
सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरी ने प्रतिनिधिमंडल से सकारात्मक वार्ता के बाद ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति से जुड़ी विश्वविख्यात तीर्थनगरी है। ऐसे पवित्र शहर में नशे का बढ़ता अवैध कारोबार गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने नशे के कारोबार के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने तथा शैक्षणिक संस्थानों और युवा क्षेत्रों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
मंच ने अर्धकुंभ से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की स्वीकृत लागत, कार्यदायी संस्था और समयसीमा जैसी जानकारी सार्वजनिक करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से समय-समय पर जांच कराने तथा अनावश्यक व्यय और अपव्यय रोककर वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि सार्वजनिक धन जनता की अमानत है और इसके प्रत्येक खर्च में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, जिला महामंत्री विशाल यादव, युवा जिलाध्यक्ष शिवम कौशिक, पार्थ शांडिल्य, पीयूष कौशिक, नवीन शर्मा, आशीष पटवाल, गौरव भट्ट, साहिल बग्गा, रचित सिंघल, पंडित सुनील शर्मा, विकास राजपूत, नरेश शर्मा, जय बाली, दिनेश शर्मा, जितेंद्र यादव, मनोज गिरी, सनी भाटिया, विकास अरोड़ा, गोपाल तनेजा, मनोज जैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply