फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती कर उसे प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद तत्काल मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को कनखल निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की इंस्टाग्राम के जरिए अजय नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने नाबालिग से मिलने का दबाव बनाया। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने के दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने फोटो और वीडियो भी बना लिए तथा बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

 

परेशान नाबालिग ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद मां की तहरीर पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में बिजनौर के लिए रवाना होकर ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़, जिला बिजनौर में दबिश दी। पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को आरोपी अजय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी बिजनौर फरार हो गया था। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम:

 

– महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य

– अपर उपनिरीक्षक मुकेश धीमान

– हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर।

Share.
Leave A Reply