फुरकान अंसारी।
मंगलौर (हरिद्वार)10 नवंबर 2026। दीपावली के अवसर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच की और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को दीपावली के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति अपने हाथ में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने कोतवाली मंगलौर पुलिस को वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के निर्देश दिए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में वायरल वीडियो मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी और उसकी पत्नी से संबंधित होना सामने आया। पूछताछ के दौरान व्यक्ति के पिता ने भी पुष्टि की कि वीडियो में उनका पुत्र लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस की शर्तों एवं आयुध संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैभव सैनी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हर्ष फायरिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

हरिद्वार पुलिस ने आमजन को स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों अथवा किसी भी उत्सव के दौरान असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply