फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/खानपुर। अवैध खनन, खनन सामग्री के परिवहन और भंडारण के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर खानपुर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिना वैध रॉयल्टी प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेजों के खनन सामग्री का परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान रेत, बजरी और मिट्टी जैसी खनन सामग्री लेकर जा रहे वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और रॉयल्टी प्रपत्रों की जांच की गई।
जांच में चार ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध रॉयल्टी प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के खनन सामग्री का परिवहन करते पाए गए। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम एवं खनन संबंधी प्रावधानों के तहत सीज कर दिया।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

