फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 10 सितंबर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में विगत दिवस सीसीआर में बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस, स्वास्थ्य एवं सूचना विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि PM-RAHAT योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सके और वे योजना के तहत उपलब्ध कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ उठा सकें।

 

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जनपद के अस्पतालों में फ्लेक्स, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने पर दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को तत्काल योजना की जानकारी मिलनी चाहिए, जिससे पात्र व्यक्ति बिना किसी देरी के इसका लाभ उठा सकें।

 

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को PM-RAHAT योजना के अंतर्गत कैशलेस उपचार उपलब्ध हो।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने देने पर विशेष जोर दिया गया।

Share.
Leave A Reply