फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 26 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव की अध्यक्षता में ट्रैफिक वॉलिंटियर के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पिछले वर्षों के कांवड़ मेले के अनुभवों की समीक्षा करते हुए इस बार बेहतर यातायात प्रबंधन, पुलिस और ट्रैफिक वॉलिंटियर के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान तथा शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात संदीप सिंह नेगी तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक रुड़की राजेंद्र नाथ ने अपने अनुभव साझा करते हुए ट्रैफिक वॉलिंटियर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, पूर्व वर्षों में सामने आई चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान पर भी विस्तृत मंथन किया गया।
पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने सभी ट्रैफिक वॉलिंटियर से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाएगा। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।


