फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 25 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर कोतवाली ज्वालापुर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान की अध्यक्षता में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) तथा पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चन्द्रभान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा एवं चौकी प्रभारी बाजार देवेंद्र पाल भी मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने एसपीओ से पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी निभाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा स्थानीय नागरिकों और कांवड़ यात्रियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस का सहयोग करने की अपील की। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी हरिद्वार पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में मेले से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने, श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मेले की पवित्रता बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा अवधि में भोजन में लहसुन और प्याज का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, वाहनों में किराया सूची प्रदर्शित करने, चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज रखने तथा सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में उपस्थित सभी एसपीओ एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन के लिए हरिद्वार पुलिस को शत-प्रतिशत सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Share.
Leave A Reply