फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइक हरिद्वार के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मंगलौर में मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों के दर्ज होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थलों और संभावित मार्गों के 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार निगरानी रखी गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 24 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पहले दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जबकि पूछताछ और निशानदेही के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पैदल विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो जाते थे। बरामद मोटरसाइकिलें कोतवाली मंगलौर, भगवानपुर, झबरेड़ा, रुड़की, कलियर शरीफ सहित उत्तर प्रदेश के देवबंद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर तथा हरियाणा के पानीपत क्षेत्र से चोरी की गई थीं। अन्य जनपदों से संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित पुलिस इकाइयों को भेजी जा रही है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उपनिरीक्षक नितिन विष्ट, हेड कांस्टेबल श्यामबाबू, कांस्टेबल रणवीर, मनदीप, उत्तम सिंह, के.डी. राणा, मोहम्मद आमिर एवं महिपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी चलता रहेगा।


