फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 24 जुलाई 2026।जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के फील्ड कार्य के सफल संचालन हेतु जनपद के समस्त चार्ज जनगणना अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों एवं राजस्व उप निरीक्षकों (लेखपालों) का जनपद स्तरीय प्रशिक्षण दिनांक 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया।

      प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी वैभव गुप्ता द्वारा की गई। प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, उत्तराखंड, देहरादून के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया गया।

      गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के उपरांत अब 25 जुलाई 2026 से 24 अगस्त 2026 तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) का फील्ड कार्य संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों का संकलन एवं संर्वधन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार—

25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) का फील्ड कार्य।25 अगस्त से 24 सितम्बर 2026 तक चार्ज अधिकारियों द्वारा संकलित आंकड़ों का सत्यापन।

25 सितम्बर से 24 अक्टूबर 2026 तक जिला जनगणना अधिकारी (DCO) द्वारा संकलित आंकड़ों का परीक्षण किया जाएगा।

       प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) के सफल क्रियान्वयन में चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी एवं लेखपालों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। शत-प्रतिशत डिजिटल प्रणाली के माध्यम से आंकड़ों की गुणवत्ता, सटीकता एवं त्वरित संकलन सुनिश्चित होगा, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त निदेशक धीरेन्द्र कुमार, उप निदेशक राजू कुमार बनवारी, सहायक निदेशक संदीप कुमार, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-1 अमीर आलम, अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह सहित जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून तथा जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply