फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,19/07/2026। सावन के पावन माह में हरिद्वार पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए 205 खोए हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने हरिद्वार पुलिस के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में थाना सिडकुल पुलिस ने उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन रिकवर किए। थाना सिडकुल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। बरामद मोबाइलों में सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के मोबाइल भी शामिल हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना पुलिस के लिए सबसे बड़ी संतुष्टि का विषय है।

उल्लेखनीय उपलब्धियां

205 मोबाइल फोन बरामद।

बरामद मोबाइलों की कीमत 46 लाख रुपये से अधिक।

थाना सिडकुल मोबाइल रिकवरी में जनपद और प्रदेश में अव्वल।

पिछले 11 महीनों में आठवीं बार बड़ी संख्या में मोबाइल रिकवर।

वर्ष 2026 में अब तक 475 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि आमजन की खोई हुई संपत्ति शीघ्र वापस दिलाना उसकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य जारी रहेगा।

मोबाइल रिकवरी अभियान में थाना प्रभारी अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply