फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,14/07/2026। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगा है। देश के विभिन्न राज्यों से कांवड़ियों का लगातार आगमन हो रहा है। हरकी पैड़ी पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर गंगाजल भर रहे हैं और “बोल बम” के जयघोष के साथ अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं। पूरे शहर में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।
इस बीच हरिद्वार पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा अनुशासन और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं का सहयोग ही सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी पहचान है।
हरिद्वार पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस प्रशासन 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है।


