फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,08 जुलाई । इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन सूट ऑर्डर करना एक महिला को महंगा पड़ गया। ठगों ने महंगे ऑर्डर का झांसा देकर एडवांस राशि जमा कराने के नाम पर महिला के खाते से 35,998 रुपये की ठगी कर ली। हालांकि समय रहते शिकायत दर्ज होने पर हरिद्वार साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 34,012 रुपये की राशि वापस दिलाकर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर ऑनलाइन सूट ऑर्डर किया था। कुछ समय बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि ऑर्डर काफी महंगा है, इसलिए अतिरिक्त एडवांस राशि जमा करनी होगी, जो बाद में वापस कर दी जाएगी। ठग की बातों में आकर महिला ने अपने बैंक खाते से कुल 35,998 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई और विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रयास करते हुए ठगी गई राशि में से 34,012 रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस दिलाए।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली। शिकायतकर्ता के पति ने साइबर सेल कार्यालय पहुंचकर हरिद्वार पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन खरीदारी के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अतिरिक्त भुगतान न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

