फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 06 जुलाई । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को लक्सर क्षेत्र की पुलिस चौकी बाजार, पुलिस चौकी रायसी तथा झबरेड़ा क्षेत्र की पुलिस चौकी लखनौता के नवनिर्मित भवनों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नए चौकी भवनों का शुभारंभ किया गया।

अब तक इन तीनों पुलिस चौकियों का संचालन किराए के भवनों से किया जा रहा था। नए भवनों के निर्माण से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं आमजन भी अपनी समस्याएं अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से पुलिस के समक्ष रख सकेंगे।

लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसरों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी भवनों से पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, कानून एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा तथा लोगों को त्वरित और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने नई पुलिस चौकियों के निर्माण पर पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्र सुयाल, सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ), देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय, रुड़की के ऊपरी तल पर नव निर्मित कक्षों का निरीक्षण कर उन्हें महिला हेल्पलाइन एवं साइबर क्राइम सेल के लिए आवंटित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Share.
Leave A Reply