फुरकान अंसारी।

हरिद्वार 06 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने नकली नोटों के एक और गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत ₹84,500 है, बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5/6 जुलाई 2026 की रात चेकिंग के दौरान मेला अस्पताल की ओर से चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे वापस मुड़कर तेज़ी से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच चारों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से ₹500 के 169 नकली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) निवासी एक व्यक्ति से ₹20,000 देकर ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे। इन नकली नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने के उद्देश्य से वे हरिद्वार आए थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने एक दिन पहले शहर के विभिन्न बाजारों में कुछ नकली नोटों से खरीदारी भी की थी।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नकली नोटों के इस नेटवर्क की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी साझा की गई है और पूरे मामले की गोपनीय जांच जारी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, संजीत कण्डारी, ऋषिकांत पटवाल, नवीन नेगी, नवीन चौहान, राधाकृष्ण रतूड़ी तथा कांस्टेबल विनोद कुमार, सचिन सिंह, सचिन पाण्डेय और नवीन जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply