विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से 14.725 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण को मिली प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक आदेश चौहान के निरंतर प्रयासों और प्रस्तावों के फलस्वरूप लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना के अंतर्गत क्षेत्र में सात सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
06 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार, इन सातों विकास कार्यों की कुल लंबाई 14.725 किलोमीटर है, जिन पर 6 करोड़ 48 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।
इन क्षेत्रों में होंगे सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य
स्वीकृत विकास कार्यों के अंतर्गत औरंगाबाद ग्रामसभा में 86.13 लाख रुपये की लागत से लगभग एक किलोमीटर आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण किया जाएगा। वहीं, रोशनाबाद की विभिन्न कॉलोनियों में 91.75 लाख रुपये की लागत से लगभग 900 मीटर सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण प्रस्तावित है।
शिवालिकनगर से टिहरी विस्थापित क्षेत्र होते हुए पीएसी पेट्रोल पंप तक 89.75 लाख रुपये की लागत से लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गैस प्लांट पेट्रोल पंप के सामने से अम्बेडकर चौक तक 97.96 लाख रुपये की लागत से लगभग एक किलोमीटर सड़क का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण होगा।
शिवालिकनगर के जी क्लस्टर एवं टी क्लस्टर में 97.96 लाख रुपये की लागत से लगभग चार किलोमीटर आंतरिक सड़कों का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण किया जाएगा। बीएचईएल सेक्टर-3 में 91.53 लाख रुपये की लागत से लगभग 4.3 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। वहीं, सुमननगर में 93.57 लाख रुपये की लागत से लगभग एक किलोमीटर आंतरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली सहित निर्माण किया जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता: आदेश चौहान
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन सात महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति से औरंगाबाद, रोशनाबाद, शिवालिकनगर, बीएचईएल सेक्टर-3 और सुमननगर सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का जताया आभार
विधायक आदेश चौहान ने इन विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और मोहल्ले तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका संकल्प है। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और यह विकास यात्रा आगे भी जारी रहेगी।


