फुरकान अंसारी।
रुड़की,10/06/2026। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी (सेंधमारी कर चोरी) की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए हैं। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी के संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 205/26, धारा 305(ए), 317(2), 331(4) एवं 61 बीएनएस के तहत जांच की जा रही थी। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिन पुत्र शाहआलम (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर, जवाहर पार्क, थाना साहिबाबाद, जनपद गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने का हार, मांग टीके, झुमके सहित बड़ी मात्रा में स्वर्ण एवं रजत आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों का कुल वजन लगभग 1398.79 ग्राम बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा चोरी की वारदात में शामिल अन्य साथियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है।
पुलिस टीम में कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिलज्वाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, कांस्टेबल प्रभाकर, कांस्टेबल अजय काला, कांस्टेबल वसीम तथा हेड कांस्टेबल मनमोहन (सीआईयू रुड़की) शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात के सफल खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।


