फुरकान अंसारी।

रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में एक स्कूटी और 10 मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

 

पुलिस के अनुसार जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग एवं अपराधियों के चिन्हीकरण अभियान के तहत 10 जून 2026 को पनियाला तिराहे के पास से दो संदिग्ध युवकों अय्यान और अजय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी के वाहन बरामद किए।

 

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने के लिए वे उन्हें मॉडिफाई कर कम कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज पांच वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा छह अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

1. अय्यान पुत्र नसीम अहमद निवासी ग्राम माधोपुर हजरतपुर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार।

 

2. अजय पुत्र मांगेराम निवासी नगला कुबड़ा, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार।

 

बरामदगी

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें एक एक्टिवा स्कूटी तथा 10 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अधिकांश वाहनों की नंबर प्लेट हटाई गई थी ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके।

 

पुलिस टीम

 

इस सफलता में कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिलज्वाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, अपर उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल धीरेन्द्र, कांस्टेबल अजय, पीआरडी सुकेश तथा होमगार्ड विजेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply