(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार,13/05/2026। ज्वालापुर स्थित मोहल्ला घोसीयान में दो पक्षों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए घटनाक्रम से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, जबकि आसपास के कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद देखते-देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और सूझबूझ व तत्परता के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि घोसीयान क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply