(फुरकान अंसारी) 12/05/2026।

हरिद्वार पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत मंगलोर पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के खातों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 12 एटीएम कार्ड और ₹10,710 नकद बरामद किए हैं। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था और विशेष रूप से गांव-देहात की महिलाओं तथा बुजुर्गों को निशाना बनाता था।

एटीएम बदलकर उड़ाए थे 70 हजार रुपये

मंगलौर क्षेत्र निवासी वादिया मुकेश पत्नी रमन निवासी मुण्डलाना ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से करीब ₹70 हजार निकाल लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल घटना के खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद उपनिरीक्षक नितिन विष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

356 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपी तक

जांच के दौरान पुलिस टीम ने हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित कई जिलों में दबिश दी तथा करीब 356 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही एटीएम धोखाधड़ी के मामलों में पहले गिरफ्तार आरोपियों का सत्यापन भी किया गया।

मुखबिर की सूचना पर 11 मई 2026 को पुलिस ने संजय पुत्र अमर निवासी चांदपुर थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया।

इंस्टाग्राम पर होती थी गैंग की प्लानिंग

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गैंग हरिद्वार, देहरादून और मुजफ्फरनगर क्षेत्रों में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य एटीएम मशीन खराब होने का झांसा देकर लोगों के कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी आपसी संपर्क के लिए इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते थे तथा पहचान छिपाने के लिए अपने नाम पर सिम कार्ड नहीं लेते थे। गिरोह अधिकतर वारदातें रविवार के दिन अंजाम देता था।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

आरोपी के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी और आईटी एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एटीएम ठगी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।

पुलिस टीम में 

प्रभारी निरीक्षक भगवान महर

उपनिरीक्षक नितिन विष्ट

हेड कांस्टेबल अमित शर्मा

कांस्टेबल उत्तम

कांस्टेबल रणवीर

कांस्टेबल विनोद

कांस्टेबल महिपाल (सीआईयू रुड़की) की कार्रवाई।

Share.
Leave A Reply