(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार,12/05/2026। कोतवाली लक्सर पुलिस ने बंद घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये की नकदी व चोरी का माल बरामद किया है। दोनों आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं और नशे व निजी शौक पूरे करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को मेहरबान अली पुत्र महमूद निवासी सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए हैं। मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लक्सर ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग की मदद से दो आरोपियों को चोरी के माल और नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे काफी समय से मेहरबान अली के घर की रेकी कर रहे थे। घटना वाले दिन उन्हें पता चला कि घर का मालिक काम से बाहर गया हुआ है और परिवार भी घर पर नहीं है। इसका फायदा उठाकर दोनों आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों व शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस टीम में 

प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएचओ लक्सर

वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान

उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल

हेड कांस्टेबल विनोद कुमार

कांस्टेबल जगत सिंह

कांस्टेबल सौदीश कुमार।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Share.
Leave A Reply