फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार में यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रेम नगर आश्रम के बाहर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज के खिलाफ धामी सरकार का पुतला दहन कर जनपद हरिद्वार के साथ कथित भेदभाव, विपक्षी विधायकों की अनदेखी और जिला योजना में ठेकेदारों के प्रस्ताव शामिल किए जाने का विरोध जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हरिद्वार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और विपक्षी जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा। नेताओं ने कहा कि जिला योजना समिति की बैठकों में विपक्षी विधायकों की बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ाने और सरकारी विभागों में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि हरिद्वार प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देने वाला जनपद होने के बावजूद विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिल रहा।
यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार का रवैया नहीं बदला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


