फुरकान अंसारी संपादक।
हरिद्वार। जिला सह गौ रक्षा प्रमुख, विभाग विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल हरिद्वार के कमल उलियान ने नगर निगम के नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर ज्वालापुर स्थित बकरा मार्केट क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध डेयरी से हो रही समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि ज्वालापुर वार्ड नंबर 34, अंबेडकर नगर के निकट बकरा मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों को लगातार गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
शिकायत के अनुसार डेयरी संचालक द्वारा निर्धारित क्षमता से अधिक गाय और भैंसों को डेयरी परिसर में रखा गया है। साथ ही जानवरों से निकलने वाले मल-मूत्र और अन्य गंदगी को सीधे नाले में छोड़े जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि डेयरी संचालन के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है। कमल उलियान ने नगर आयुक्त से जनहित और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उक्त डेयरी के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा डेयरी संचालन को बंद कराने की मांग की है।


