फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार, 26 मार्च 2026।उत्तराखण्ड के परिवहन मंत्री द्वारा स्कूल बसों का किराया बढ़ाए जाने पर जन अधिकार पार्टी (ज.) की राष्ट्रीय प्रवक्ता हेमा भण्डारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देने के बजाय यह फैसला उनकी कमर तोड़ने वाला है। उन्होंने मांग की कि इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
हेमा भण्डारी ने कहा कि यह फैसला गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला है। उन्होंने कहा कि ये वर्ग पहले से ही अपने बच्चों की शिक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। एक ओर सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निजी स्कूलों की फीस इतनी अधिक है कि गरीब परिवार अपने बच्चों को पढ़ाने में असमर्थ हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार को बस किराया बढ़ाने के बजाय परिवहन निगम की सेवाओं में सुधार करना चाहिए और उसकी आय बढ़ाने के लिए वैकल्पिक उपायों पर विचार करना चाहिए। साथ ही, सरकार को गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए छात्रवृत्ति और अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू करनी चाहिए।
हेमा भण्डारी ने चेतावनी दी कि यदि परिवहन मंत्री द्वारा यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो जन अधिकार पार्टी (ज.) सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।


