(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 5 फरवरी 2026। संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई तीखी नोकझोंक का मामला लगातार राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा हरिद्वार ने राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
यह विरोध प्रदर्शन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष ऐज़ाज़ हसन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी द्वारा प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “मेरे गद्दार दोस्त” कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ऐज़ाज़ हसन ने कहा कि इस तरह की भाषा न केवल असंसदीय है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विरुद्ध है। उन्होंने राहुल गांधी से इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनके बयान को देशविरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में सलीम, शावेज, जमशेद, मोनू, शहज़ाद, शाहनवाज, तासीन, रवि, अंकुश, शावेज़ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


