बाबा रामदेव ने संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया जोर, बोले– डिग्रीधारी नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाले नागरिक तैयार करना जरूरी
आचार्य बालकृष्ण ने संयुक्त परिवार को बताया संस्कारों और व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत पाठशाला।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 25 नवंबर। बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच बच्चों का सामाजिक एवं भावनात्मक विकास शिक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए भविष्य की शिक्षा को अधिक संवेदनशील, संस्कारयुक्त और विद्यार्थी केंद्रित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में देशभर के 37 शिक्षा बोर्डों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ।
‘छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविदों के साथ नेपाल, भूटान तथा अमेरिका के नॉर्थवेस्ट एक्रेडिटेशन कमीशन (एनडब्ल्यूएसी) सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।
25 से 27 नवंबर तक पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित इस सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, कोब्से अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी : धन सिंह रावत
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सम्मेलन में तीन दिनों तक होने वाले मंथन और प्राप्त सुझावों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उपयोग किया जाएगा। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि यहां से शिक्षित होकर निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करने, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। डॉ. रावत ने कहा कि आने वाले पांच से दस वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। विद्यार्थियों और शिक्षकों की बढ़ती शैक्षिक क्षमता को देखते हुए पारंपरिक कक्षाओं की व्यवस्था पर भी नए सिरे से विचार करना होगा। हालांकि, विद्यार्थियों की निर्धारित 180 से 220 दिनों की पढ़ाई सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना शिक्षा का उद्देश्य : स्वामी रामदेव
योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री दिलाना और रोजगार के योग्य बनाना नहीं होना चाहिए, बल्कि उनमें चरित्र निर्माण, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण भी विकसित होने चाहिए। उन्होंने संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की स्थापना इसी परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा का समन्वय कर ऐसी पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य है, जो चरित्रवान, आत्मनिर्भर, वैज्ञानिक सोच से परिपूर्ण और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य हो। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना अब भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है।
शुरुआती 14-15 वर्ष व्यक्तित्व निर्माण के लिए निर्णायक : एनपी सिंह
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने देशभर से आए शिक्षाविदों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर सामाजिक जीवन में प्रवेश करने तक का प्रत्येक चरण उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में विकसित होने वाले संस्कार, मूल्य और व्यवहार ही आगे चलकर बच्चे के व्यक्तित्व की दिशा तय करते हैं। इसलिए शिक्षा जगत के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि आने वाली पीढ़ी को किस प्रकार का नागरिक बनाना है। उन्होंने बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, दृढ़ता और सामाजिक-भावनात्मक मजबूती विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
संयुक्त परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला : आचार्य बालकृष्ण
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षा बोर्डों और शिक्षाविदों के कंधों पर ही राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे सम्मेलन ज्ञान के आदान-प्रदान और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने मां को बच्चे का पहला गुरु बताते हुए संयुक्त परिवार को व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों की मजबूत पाठशाला बताया। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार में बच्चे बड़ों के व्यवहार, आपसी संबंधों और पारिवारिक परंपराओं से सहज रूप से बहुत कुछ सीखते थे। लेकिन बदलती जीवनशैली के कारण संयुक्त परिवारों की जगह एकल परिवारों ने ले ली है। माता-पिता के पास भी बच्चों के साथ बिताने के लिए पर्याप्त समय नहीं है। ऐसे में बच्चे मित्र मंडली और सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कई बार भ्रमित हो जाते हैं।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना और परीक्षाएं आयोजित करना नहीं होना चाहिए। बच्चों की समस्याओं का समाधान करने के साथ उनके मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा बोर्डों से ऐसी व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया, जिससे बच्चे संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा दे सकें।
पांच दशक से शिक्षा बोर्डों के बीच समन्वय का मंच है कोब्से
कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए सम्मेलन में शामिल सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, कोब्से के सचिव एमसी शर्मा ने संगठन की स्थापना, कार्यप्रणाली और गतिविधियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. वंदना पाण्डेय, राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर स्वामी पुण्य देव, एडवाइजर सतेन्द्र पंवार सहित विभिन्न शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, अधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे।


