फुरकान अंसारी।
कलियर। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखंड देहरादून ने शनिवार को कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सही मार्ग चुनने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। जनसंवाद के दौरान एडीजी ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। प्रत्येक युवा को अपने करियर और जीवन को बेहतर बनाने के लिए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशा तस्करी एवं संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

एडीजी ने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक व्यक्ति का सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और दूसरों को भी जागरूक करें।

महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर दिया जोर

छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस से संपर्क करने की अपील की। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए युवाओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे। एडीजी ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रबंधन, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर, कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply