जमीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर महिला से हड़पी थी करोड़ों की रकम, मंगलौर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत की कार्रवाई।

फुरकान अंसारी।
मंगलौर (हरिद्वार)। एप्रो ग्लोबल कंपनी को जनपद मुजफ्फरनगर में प्लांट स्थापित कराने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में मंगलौर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, वादिया अभिलाषा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एप्रो ग्लोबल कंपनी का प्लांट स्थापित कराने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर आरोपियों ने उनसे 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त की और बाद में रकम हड़प ली। मामले में कोतवाली मंगलौर में धारा 318(4) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए। इसी क्रम में 21 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल हसन पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम खुड्डा तथा तिलकराम उर्फ तेल्लूराम पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह निवासी ग्राम तेजलहेड़ा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।

पुलिस टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक संजय रावत, अपर उपनिरीक्षक महेश चंद, उपनिरीक्षक श्याम बाबू, कांस्टेबल सुधीर कुमार, कांस्टेबल तेजपाल सिंह और कांस्टेबल चालक लाल सिंह।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply